UTTARAKHAND

भूस्खलन से यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे बाधित, प्रशासन ने की अपील-मौसम देखकर ही करें यात्रा

Sana Times: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया सहित कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की टीम द्वारा मार्ग खोलने का कार्य लगातार जारी है। वहीं, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के पास अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

पहाड़ों पर आज भी भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में सोमवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने तीन अगस्त को देहरादून समेत रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश के साथ बिजली चमकने और गर्जन की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो आठ अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। रविवार के मौसम की बात करें तो पर्वतीय इलाकों में रुक-रुक कर तेज दौर की बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने से गर्मी का अहसास हुआ। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून में सुबह साढ़े आठ से शाम पांच बजे तक 0.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, दून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री के इजाफे के साथ 24.2 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश भर के अन्य इलाकों में भी रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *